Forest Department:-अब वन विभाग में नहीं चलेगी कागजी फाइल! ई-ऑफिस हुआ अनिवार्य, मंत्री केदार कश्यप के सख्त आदेश
Forest Department:-वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने वन विभाग के सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अब विभाग के मुख्यालय, वृत्त, वनमंडल और अन्य सभी कार्यालयों में कार्यालयीन फाइलों और डाक का संचालन केवल ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही किया जाएगा। यह निर्णय राज्य सरकार की डिजिटल प्रशासन और सुशासन की नीति को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
Forest Department:-बिना अनुमति नहीं चलेगी कोई फिजिकल फाइल
मंत्री केदार कश्यप ने निर्देश दिए हैं कि विभाग प्रमुख की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी स्तर पर कोई भी फिजिकल फाइल संचालित नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी ई-ऑफिस के माध्यम से ही कार्यालयीन कार्यों का निष्पादन करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा है।
Forest Department:-फाइलों का होगा तेजी से निपटारा, बढ़ेगी पारदर्शिता
मंत्री ने कहा कि ई-ऑफिस व्यवस्था लागू होने से फाइलों के निस्तारण में तेजी आएगी, निर्णय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी तथा हर स्तर पर कार्यों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग संभव होगी। इससे अनावश्यक देरी खत्म होगी और नागरिकों से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
Forest Department:-डिजिटल प्रशासन को मिलेगा नया बल
केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार तकनीक आधारित प्रशासन, सुशासन और पारदर्शिता को लगातार बढ़ावा दे रही है। ई-ऑफिस व्यवस्था का पूर्ण क्रियान्वयन वन विभाग को अधिक दक्ष, उत्तरदायी और पूरी तरह डिजिटल बनाएगा। उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कार्यालयों में ई-ऑफिस के 100 प्रतिशत अनुपालन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं।

