Fraud Case:-नौकरी का सपना दिखाया, वर्दी से जीता भरोसा और ऐंठ लिए 8.95 लाख! बस्तर में ‘नौकरीबाज’ ठग गिरफ्तार, पहले भी जा चुका है जेल
Fraud Case:-बस्तर। सरकारी नौकरी पाने की चाहत को हथियार बनाकर लोगों से लाखों रुपये ठगने के आरोप में बस्तर पुलिस ने कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने होमगार्ड और फॉरेस्ट गार्ड में नौकरी लगवाने का झांसा देकर पांच लोगों से करीब 8 लाख 95 हजार रुपये लेने के आरोपी कृष्ण कुमार वैष्णव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी ठगी और मारपीट सहित कई मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को होमगार्ड और वन विभाग में अच्छी पकड़ रखने वाला व्यक्ति बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। भरोसा बढ़ाने के लिए वह वर्दी तक दिखाता था और दावा करता था कि विभाग में उसकी अच्छी पहचान है। नौकरी लगने की उम्मीद में पीड़ित उसकी बातों में आ गए।
Fraud Case:-PhonePe और नकद में लिए पैसे
आरोप है कि आरोपी ने अलग-अलग लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर PhonePe के जरिए और नगद रकम ली। लेकिन पैसे लेने के बाद न नौकरी लगी और न ही रकम वापस की गई। शिकायत के बाद आरोपी कथित तौर पर अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की तलाश की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे आड़ावाल स्थित उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने लोगों से रकम लेने की बात स्वीकार की।
Fraud Case:-पहले से दर्ज हैं 7 अपराध
पुलिस के मुताबिक कृष्ण कुमार वैष्णव के खिलाफ पहले से ठगी और मारपीट समेत कुल 7 अपराध दर्ज हैं। आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुका है। इस मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब मामले में ठगी के शिकार लोगों से जुड़े लेन-देन और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी का यह मामला एक बार फिर लोगों को ऐसे फर्जी दावों से सावधान रहने की जरूरत बताता है।
