दंतेवाड़ा से आगे बढ़ा मानसून, रायपुर तक आने में 3 दिन का इंतजार…

Share

रायपुर। प्रदेश में मानसून दंतेवाड़ा से आगे बढ़ गया है। राजधानी पहुंचने में कम से कम दो से तीन लगने की संभावना है। मानसून पहुंचने के दूसरे दिन भी दंतेवाड़ा में बारिश नहीं हुई। हालांकि जिले के बारसूर में 28 मिमी बारिश हुई। प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश नारायणपुर जिले के छोटे डोंगर में 55.4 मिमी पानी गिरा। बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन बना हुआ है। यही मानसून को आगे बढ़ने में मदद कर रहा है। बस्तर संभाग में व्यापक बारिश हो रही है।

29 मई को बस्तर संभाग के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। 30 मई से पूरे प्रदेश में वर्षा में कमी आने की संभावना है। अगले 48 घंटे के बाद प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि होगी। रायपुर में शाम को कुछ देर तेज बारिश हुई। दोपहर में बादल छाए रहे। हालांकि प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान रायपुर में 37.7 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4.4 डिग्री कम है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दोपहर का तापमान गिर गया है। इससे गर्मी कम हो गई है, लेकिन उमस बनी हुई है।

नौतपा पहली बार इतना ठंडा, 2 जून तक रहेगा

नौतपा का पांचवां दिन भी ठंडा रहा। 2 जून तक नौतपा रहेगा और विशेष गर्मी नहीं बढ़ने की संभावना है। यानी इस साल नौतपा कम तापमान में गुजर जाएगा। मई में लू भी नहीं चलेगी। दरअसल माह खत्म होने में केवल दो दिन है। इस साल रायपुर में मई में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री रहा है और पिछले साल 46.8 डिग्री। पिछले 30 सालों में मई सबसे ठंडा गुजर रहा है।

बारिश से बस्तर तरबतर

पिछले 24 घंटे में सुकमा, नानगुर व भानपुरी में 5-5 सेमी पानी बरस गया। वहीं राजनांदगांव में 4, देवभोग, लोहंडीगुड़ा, करपावंड, दरभा, तोकापाल, जगदलपुर व कोरबा में 3-3, बकावंड, भैसमा, अंबागढ़ चौकी, मोहला में 2-2, औंधी, भानुप्रतापपुर, दुर्गूकोंदल, नवागढ़, बेलरगांव, डोंगरगांव, सकरी, बलौदा व खड़गवां में एक-एक सेमी बारिश रिकार्ड की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *