Political War:-DMK का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, कहा- ‘Big Joke’; विपक्षी एकता कमजोर करने का लगाया आरोप
Political War:-तमिलनाडु की राजनीति में कभी साथ रहने वाले डीएमके और कांग्रेस के रिश्तों में अब कड़वाहट खुलकर सामने आ रही है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद दोनों दलों के रास्ते अलग होने के बाद बयानबाजी तेज हो गई है।
डीएमके ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “Big Joke” तक कह दिया। पार्टी की आईटी विंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि जब कांग्रेस अपने राजनीतिक अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही थी, तब डीएमके ने उसका साथ दिया, लेकिन नया राजनीतिक साथी मिलते ही कांग्रेस ने पाला बदल लिया।
डीएमके के मुखपत्र ‘मुरासोली’ में प्रकाशित संपादकीय में भी राहुल गांधी की आलोचना की गई। पार्टी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विपक्षी एकता की बात तो करते हैं, लेकिन कई राज्यों में खुद ही विपक्षी दलों के बीच दूरी बढ़ाने का काम करते हैं।
Political War:-संपादकीय में केरल का उदाहरण देते हुए कहा गया कि चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की गिरफ्तारी की मांग की थी। इसी कारण वामपंथी दलों के कई नेता आज भी उनसे नाराज हैं। डीएमके ने सवाल उठाया कि कांग्रेस का असली मुकाबला भाजपा से है या अपने सहयोगी दलों से।
हाल ही में हुई INDIA गठबंधन की बैठक में डीएमके शामिल नहीं हुई थी। पार्टी ने कांग्रेस द्वारा बुलाई गई बैठक का बहिष्कार किया, हालांकि उसने यह भी स्पष्ट किया कि गठबंधन के अन्य दलों के मुद्दों पर वह समर्थन जारी रखेगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि डीएमके और कांग्रेस के बीच बढ़ती तल्खी INDIA गठबंधन की एकजुटता पर असर डाल सकती है।
