Raipur News:-रात में घर जाने की सलाह पर बवाल! पुलिस से भिड़े युवक, सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामा का वीडियो वायरल

Share

Raipur News:-राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और युवकों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक पुलिस जवानों के साथ तीखी बहस करते और अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 14-15 जून की दरमियानी रात तेलीबांधा थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम नियमित गश्त पर थी। इस दौरान होटल अंब्रोसिया के सामने सड़क किनारे कुछ युवक देर रात तक खड़े मिले। पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर उन्हें घर जाने की समझाइश दी और आगे पेट्रोलिंग के लिए रवाना हो गई।

बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे बाद जब पेट्रोलिंग टीम दोबारा उसी स्थान पर पहुंची तो वहां युवकों की संख्या बढ़ चुकी थी। पुलिस के मुताबिक विनय यादव, सुजीत यादव, गोलू देवांगन समेत 15 से 20 लोग मौके पर मौजूद थे। जब पुलिस ने दोबारा घर जाने को कहा तो कुछ युवक भड़क गए और पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी यही दृश्य दिखाई दे रहा है, जहां युवक पुलिस से उलझते नजर आ रहे हैं जबकि पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने और माहौल शांत रखने का प्रयास करते दिखाई देते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद घटना चर्चा का विषय बन गई है।

Raipur News:-पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोलिंग टीम द्वारा किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित पक्षों का चिकित्सकीय परीक्षण (मुलाहिजा) कराया गया है। जांच में आवश्यकता पड़ने पर इन रिपोर्टों को भी शामिल किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस वायरल वीडियो के हर पहलू की जांच कर रही है। वीडियो में दिखाई देने वाले घटनाक्रम, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शहर में देर रात सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती भीड़ और नशे की स्थिति में होने वाले विवादों को लेकर पुलिस पहले भी सतर्कता बरतने की अपील कर चुकी है। ऐसे मामलों में कानून व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी मानी जाती है।

फिलहाल वायरल वीडियो और पुलिस के बयान के बाद पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और किसकी भूमिका कितनी जिम्मेदार थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *