Raipur News:-सड़क हादसे में देर पड़ी भारी! डायल-112 का आरक्षक सस्पेंड, मौके पर लेट पहुंचने और अभद्र व्यवहार पर एक्शन
Raipur News:-राजधानी रायपुर में सड़क हादसे के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने और घटनास्थल पर अमर्यादित व्यवहार करने के आरोप में डायल-112 में तैनात एक आरक्षक पर बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस की जवाबदेही और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली को लेकर सख्त संदेश मानी जा रही है।
Raipur News:-पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 30 जून 2026 की रात लगभग 11 बजे सिटी सेंटर मॉल के सामने सर्विस रोड पर कार और बाइक के बीच सड़क दुर्घटना हुई थी। हादसे की सूचना तत्काल डायल-112 कंट्रोल रूम को दी गई थी, लेकिन आरोप है कि डायल-112 में तैनात आरक्षक संदीप शर्मा घटनास्थल पर निर्धारित समय से काफी देर से पहुंचे।
इतना ही नहीं, मौके पर मौजूद लोगों के साथ उनका व्यवहार भी अमर्यादित पाया गया। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस प्रशासन ने बिना देरी किए आरक्षक संदीप शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र रायपुर संबद्ध कर दिया।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान आरक्षक को नियमानुसार निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आम जनता को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना डायल-112 की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस तरह की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

