Rajiv Bhawan Protest:-रायपुर में प्रदर्शन ने लिया हिंसक मोड़! पुलिस पर हमला, SI गंभीर घायल, अस्पताल पहुंचे पुलिस कमिश्नर
Rajiv Bhawan Protest:-रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपा द्वारा कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के घेराव के दौरान राजनीतिक प्रदर्शन हिंसक झड़प में बदल गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई धक्का-मुक्की, पथराव और अफरा-तफरी में एक सब-इंस्पेक्टर (SI) समेत 16 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
Rajiv Bhawan Protest:-पुलिस कमिश्नर ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर के पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला रामकृष्णा केयर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से सभी घायलों के उपचार की जानकारी ली। पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए और जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Rajiv Bhawan Protest:-SI के सिर पर लगी बोतल, कई जवानों को आई चोट
घटना में घायल प्रशिक्षु उप निरीक्षक (PSI) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है। उनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।

वहीं घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ के दबाव में फंस जाने से उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
अन्य घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
Rajiv Bhawan Protest:-BJP-कांग्रेस कार्यकर्ता आए आमने-सामने
दरअसल, दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन और राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में भाजपा ने रायपुर में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन का घेराव किया। प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री भी शामिल थे।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा, वहीं भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
Rajiv Bhawan Protest:-वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
घटना के दौरान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, पुलिसकर्मियों के घायल होने और सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुकसान के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
