रिटायर्ड शिक्षक से 7 लाख की ठगी, आरोपी मेरठ से गिरफ्तार…
अंबिकापुर। जमीन समतल करने का झांसा देकर रिटायर्ड शिक्षक से 7 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को मेरठ उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। एसपी रवि कुमार कुर्रे ने बताया कि बचरा पोड़ी निवासी रिटायर्ड शिक्षक अमीर साय पिता सीतला प्रसाद निवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया कि 8 जनवरी को आरोपियों ने कम कीमत में जमीन समतलीकरण करने के नाम मुझसे मिले। फिर खेत में ले जाकर धमकी देकर रिटायर्ड शिक्षक के बैंक की पूरी जानकारी ली। साथ ही स्टेट बैंक बैकुंठपुर ले जाकर डरा धमका कर उसके खाते से 7 लाख निकलवा लिया।
बैंक से बाहर निकलने के बाद पैसा लेकर फरार हो गए। थाना बैकुंठपुर में आरोपियों के खिलाफ धारा 140(3), 318, 308(5), 61/1 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले को गंभीरता से लेकर तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर तत्काल पतासाजी करने टीम रवाना किया। स्पेशल टीम ने टावर डंप के आधार पर थाना रामराज जिला मुजफ्फरनगर उत्तरप्रदेश पहुंची। लोकल पुलिस टीम को साथ लेकर रात में दबिश दी। लेकिन आरोपियों की रिश्तेदार महिलाओं ने पथराव कर दिया।
जिससे आरोपी फरार हो गए। मामले में दोबारा टीम के प्रयास से आरोपी आदिल पिता मकबूल(38) निवासी रामराज को गेस्सुपुर चौकी हसनपुर थाना भवनपुर मेरठ उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से 71800 रुपए, एक नग मोबाइल जब्त कर पूछताछ की गई। जिससे आरोपी ने ठगी में अन्य आरोपियों के शामिल होने और फरार होने की जानकारी दी। आरोपी को मेरठ से लाया गया है। मामले में अन्य आरोपियों का पता तलाश जारी है।
गरियाबंद में भी अपराधिक रिेकार्ड
एसपी कुर्रे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के जिला गरियाबंद थाना पांदुला एवं गढ़ा मुक्तेश्वर थाना जिला हापुड़ में भी अपराधिक रिकॉर्ड है। स्पेशल टीम में निरीक्षक विनोद पासवान, एसआई राजेश तिवारी, इन्द्रजीत सिंह, नवीन साहू, सजल जायसवाल, विमल जायसवाल, अमल कुजूर, प्रदीप साहू, अमरेशा ठाकुर, शिवम् सिन्हा आदि शामिल थे।
