मंत्रियों व विधायकों के कार्यों की समीक्षा आज, दो नए मंत्री और तीसरी सूची जारी होने की भी सुगबुगाहट तेज…

Share

रायपुर। साय सरकार को 17 माह हो गए हैं। अब इनके मंत्रियों और विधायकों के कार्यों की समीक्षा प्रदेश भाजपा संगठन द्वारा की जाएगी। 18 जून को प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन द्वारा एक-एक मंत्रियों और विधायकों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा निगम मंडलों में नियुक्त किए गए अध्यक्ष और उपाध्यक्षों के कार्यों की रिपोर्ट भी भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा ली जाएगी।

भाजपा के सौंपे कार्यों पर कितना खरा उतरे

भाजपा सूत्र बताते हैं कि मंत्रियों-विधायकों और निगम मंडलों के अध्यक्षों के बारे में उनके द्वारा अब तक किए गए कार्यों का ब्यौरा तो लिया जाएगा। साथ ही प्रदेश भाजपा संगठन द्वारा सौंपे गए कार्यों में कितना खरा उतरे हैं इसकी भी जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा भाजपा के संगठन के विश्वसनीय और भरोसेमंद वरिष्ठ और जूनियर कार्यकर्ताओं से भी मंत्रियों और विधायकों की रिपोर्ट ली जाएगी कि उनके विधानसभा क्षेत्र में मंत्रियों और विधायकों की छवि कैसी है। लोगों की क्या प्रतिक्रिया है, भाजपा के कार्यकर्ता खुश है कि नहीं आदि।

एक दिन पहले पहुंचे शिवप्रकाश

बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश व क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जवाल मंगलवार को दोपहर में रायपुर पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, संगठन महामंत्री पवन साय, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, प्रदेश मंत्री किशोर महानंद, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, रायपुर जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर सहित अन्य ने स्वागत किया।

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन के रायपुर प्रवास को देखते हुए भाजपा में फिर से दो नए मंत्रियों और निगम-मंडल की तीसरी सूची जारी होने की सुगबुगाहट तेज हो गई है। चर्चा है कि चूंकि 14 जुलाई से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने वाला है। ऐसे में मानसून सत्र के पहले दो नए मंत्रियों की नियुक्ति की जा सकती है। साथ ही निगम मंडल के बचे पदों पर भी नियुक्ति की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *