साय कैबिनेट का विस्तार जल्द, 3 नए मंत्री और 16 संसदीय सचिवों की होगी घोषणा

Share

रायपुर। साय सरकार के कैबिनेट का विस्तार इसी सप्ताह हो सकता है। इसके अलावा संसदीय सचिवों की भी नियुक्ति पार्टी द्वारा कर दी जाएगी। इसके लिए 16 नए विधायकों के नामों की चर्चा है। वहीं, पार्टी में यह भी चर्चा है कि जिन दो मंत्रियों का परफार्मेंस ठीक नहीं है, उसे हटाया भी जा सकता है। दूसरी चर्चा यह भी है कि हरियाणा पैटर्न पर मंत्रियों की संख्या साय सरकार के कैबिनेट में हो सकती है।

सभी चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में तैर रही हैं। जब पत्ता खुलेगा, तभी पता चलेगा कि पार्टी क्या निर्णय ले रही है। जानकारी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन 8 तारीख की शाम रायपुर आएंगे। 9 अप्रैल को भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक लेंगे। चर्चा है कि मंत्रिमंडल विस्तार पर मुहर भी इस बैठक में लगाई जाएगी और कोई बड़ा फेरबदल नहीं हुआ तो 10 अप्रैल को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा।

सोशल मीडिया 3 नए मंत्रियों को दिला रहा शपथ : भाजपा के सोशल मीडिया ग्रुप पर मैसेज चल रहा है कि साय मंत्रिमंडल का विस्तार 10 अप्रैल को होने जा रहा है। पार्टी के कई सोशल मीडिया ग्रुप में यह मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है। इसके मुताबिक तीन नए मंत्री शपथ लेने जा रहे हैं। वायरल मैसेज के मुताबिक, विधानसभा उपाध्यक्ष के साथ-साथ 15 से ज्यादा संसदीय सचिवों की ताजपोशी भी होगी।

साय सरकार ने हाल ही में निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड में नियुक्ति की थी। भाजपा के सोशल मीडिया ग्रुप के वायरल मैसेज में विधानसभा उपाध्यक्ष के नाम की तेज चर्चा है। इसके लिए अंतागढ़ से विधायक विक्रम उसेंडी के नाम की चर्चा जोरों पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *