मैत्रीबाग की झील का आकर्षण बढ़ा, पर्यटकों को लुभा रही नौकाएं…

Share

भिलाई। मैत्रीबाग के झील में 10 नए नौका उतार दिए गए हैं। इससे नौका विहार की खूबसूरती बढ़ गई हैं। अब झील में 18 नौका देखने को मिल रही है। प्रबंधन ने पर्यटकों को बेहतर सुविधा देने के लिए पिछले साल फिर से नौका विहार शुरू किया था। नौका विहार शुरू होने के बाद झील की सफाई भी नियमित होने लगी है। पहले यहां प्लास्टिक के बोटल और गंदगी पसरी नजर आती थी।

साल में आते हैं 12 लाख पर्यटक

मैत्रीबाग 1972 में बनकर तैयार हुआ था। पांच दशक से अधिक का वक्त बीत चुका है। मैत्रीबाग में अब हर माह करीब 1 लाख पर्यटक देश के अलग-अलग हिस्से से आते हैं। भिलाई में मनोरंजन के नाम पर मैत्रीबाग ही है। भिलाई स्टील प्लांट कर्मियों के रिश्तेदार दूसरे प्रदेशों से आते हैं, तब वे तफरीह के लिए मैत्रीबाग ही लाते हैं। मैत्रीबाग को भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने अपने कर्मचारी, अधिकारी व उनके परिवार के मनोरंजन के लिए शुरू किया था। समय के साथ इसका विस्तार किया गया।

पुराने दर पर ही चल रहा काम

मैत्रीबाग प्रबंधन ने नौका विहार के लिए आने वाले पर्यटकों को राहत देते हुए, किराए में इजाफा नहीं किया है। प्रति व्यक्ति करीब 50 रुपए लिया जा रहा है। पर्यटकों को बोट में बैठने से पहले लाइफ जैकेट का इस्तेमाल करने दिया जा रहा है। बिना लाइफ जैकेट के नौका नहीं दी जाती है। बड़ों के अलावा बच्चों के लिए छोटे जैकेट दिए जा रहे हैं।

नौका विहार के शुरू हो जाने से प्रबंधन के खजाने में हर साल करीब 4.8 लाख आने लगा है। नौका विहार संचालन करने वाली एजेंसी हर माह 40 हजार रुपए प्रबंधन को दे रही है। दो साल के लिए यह ठेका किया गया है। एक साल पूरा होने को है। इसके पहले नौका विहार का संचालन करने वाली एजेंसी बीच में काम छोड़कर चली गई थी। इस वजह से 3 साल तक नौका विहार ठप था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *