मायके से लौटते ही नवविवाहिता ने लगाई फांसी, भाई बोले- बहन की कर दी हत्या…

Share

अंबिकापुर। शहर के मणिपुर थाना क्षेत्र के भट्ठापारा में बुधवार की सुबह नवविवाहिता की फांसी के फंदे पर लटकी लाश मिली। वह घटना से करीब 2 घंटे पहले पति के साथ मायके से लौटी थी। उसकी शादी करीब 3 माह पूर्व हुई थी। इसलिए शादी के बाद पहली होली मनाने पति के साथ मायके झारखंड गई थी। नवविवाहिता के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं।

परिजन का कहना है कि ससुराल वाले दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। दहेज में बोलेरो व बुलेट की मांग कर रहे थे। मृतका के परिजन ने ससुराल वालों पर उसकी हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। परिजन ने मणिपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत ग्राम ओखरगड़ा पचफेड़ी, थाना मेराल निवासी रोशनी 19 वर्ष की शादी 2 दिसंबर 2024 को अंबिकापुर के मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भट्ठापारा निवासी अक्षय पासी से हुई थी। रोशनी के मायके वालों का कहना है कि शादी के बाद वह पहली होली मनाने पति के साथ आई थी। होली खेलकर बुधवार की सुबह करीब 6 बजे पति के साथ ससुराल पहुंची।

सकुशल ससुराल पहुंचने की जानकारी रोशनी ने अपने पिता को फोन पर दी। इसके आधे घंटे बाद पुन: उसने पिता के मोबाइल पर फोन कर कहा कि यहां सबलोग मेरे साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके आधे घंटे बाद पुन: रोशनी का देवर उसके पिता के मोबाइल पर फोन कर बताया कि भाभी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

शरीर पर मिले हैं चोट के निशान

बेटी की शादी की हाथ की मेहंदी अभी पूरी तरह मिटी भी नहीं थी कि उसके इस दुनिया से जाने की खबर मिलने पर परिजन सदमे में आ गए। सूचना पाकर मायके वाले अंबिकापुर पहुंचे। पिता व भाई ने नम आंखों से रोशनी के पार्थिव शरीर को देखा तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। रोशनी के शरीर पर चोट के कई निशान थे। परिजन का कहना है कि पूरा शरीर काला पड़ा हुआ था। ससुराल वालों ने डंडे से उसकी बेदम पिटाई की है।

पुलिस मामले की कर रही जांच

शॉर्ट पीएम में हैंगिंग का मामला सामने आया है। उसकी मौत दम घुटने से हुई है। इसके अलावा उसके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। अब पुलिस दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *