महिलाओं के नाम से संपत्ति खरीदने का बढ़ा ट्रेंड, हर साल 10 हजार से अधिक पंजीयन…

Share

रायपुर। एक समय था जब महिलाओं के नाम संपत्ति रखने या खरीदने से लोग बचते थे, लेकिन अब इसमें बड़ा परिवर्तन आया है। राजधानी में महिलाओं के नाम से संपत्ति खरीदने का ट्रेंड बढ़ा है। हर साल औसत 10 हजार से अधिक जमीन की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम से हो रही है। उनके नाम पर जमीन-मकान जैसी संपत्ति बना रहे हैं। पिछले 5 साल में रायपुर जिले में 66 हजार से अधिक रजिस्ट्री महिलाओं के नाम पर हुई है। लोग मां, पत्नी, बेटी, बहन के नाम पर जमीन खरीद रहे हैं। उन्हें संपत्ति में बराबरी का हक दे रहे हैं। महिलाओं में भी इसको लेकर जागरूकता बढ़ी है।

शुल्क में 1 फीसदी की मिलती है छूट

शासन की ओर से महिलाओं के नाम से जमीन खरीदने और रजिस्ट्री कराने पर स्टॉम्प ड्यूटी शुल्क में 1 फीसदी छूट देने का नियम है। इसका लाभ लेने के लिए भी कई लोग महिलाओं के नाम से जमीन खरीद रहे हैं और उनके नाम से रजिस्ट्री करवा रहे हैं।

5 साल में 66 हजार से अधिक रजिस्ट्री

रायपुर जिले में पिछले 5 सालों में महिलाओं के नाम से कुल 66 हजार 948 जमीन-मकान की रजिस्ट्री हुई है। इसमें रायपुर जिले के सभी ब्लॉक शामिल हैं। हालांकि वर्ष 2023-24 में कुछ कम हुई है। इसकी बड़ी वजह रजिस्ट्री शुल्क में 30 फीसदी छूट के प्रावधान को खत्म करना था। इसका असर भी पड़ा था।

रायपुर जिला पंजीयक विनोज कोचे ने कहा

शासन के नियमानुसार महिलाओं के नाम पर रजिस्ट्री कराने वालों को स्टॉम्प ड्यूटी शुल्क में 1 फीसदी की छूट दी जाती है। महिलाओं के नाम से जमीन खरीदने और रजिस्ट्री कराने को लेकर जागरूकता बढ़ी है। पहले की अपेक्षा अब महिलाओं के नाम रजिस्ट्री की संख्या बढ़ने लगी है।

महिलाओं के नाम जमीन की रजिस्ट्री

वर्ष रजिस्ट्री संख्या

2020-21 12379

2021-22 14774

2022-23 15780

2023-24 11168

2024-25 12847 (फरवरी तक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *