युवक ने हनुमान की भांति अपने सीने में बनवाई मुख्यमंत्री की तस्वीर, 14000 रुपये बनवाया टैटू…
जशपुर। जशपुर के रामलखन की बात बिल्कुल अलग है। रामलखन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के फैन नहीं, भक्त हैं। उन्होंने हनुमान की भांति अपने सीने में मुख्यमंत्री की बड़ी सी तस्वीर बनवायी है। मुख्यमंत्री की तस्वीर का टैटू अपने सीने में बनवाने वाले रामलखन कहते हैं, मैं उन्हें बहुत मानता हूं..बहुत ही ज्यादा..एकदम भगवान की तरह।
रामलखन चौहान जशपुर के कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर के रहने वाले हैं और मनरेगा में मजदूरी करते हैं। रामलखन कहते हैं कि तीन साल में उन्होंने जितना पैसा बचाया था, उससे उन्होंने ये तस्वीर बनवायी है। उत्साह से लबरेज रामलखन का कहना है कि, मैं विष्णुदेव साय को अपने दिल में जीवनप्रर्यंत रखना चाहता हूं, इसलिए उनकी तस्वीर बनवायी है, ताकि मरते दम तक मुख्यमंत्री की ये तस्वीर उनके साथ रहे।
चुनाव प्रचार के दौरान बढ़ा लगाव
रामलखन कहते हैं कि, वो पहले विष्णुदेव साय को जानते नहीं थे। तीन-चार साल से उनके बारे में जानते हैं, लेकिन जितना उनके बारे में जानते गये, उनसे लगाव बढ़ता गया। मैंने विधानसभा चुनाव में उनके लिए प्रचार भी किया, उनके घर भी गया। वो बहुत अच्छे हैं, इसलिए उनके लिए खूब चुनाव प्रचार किया, वो जीते भी और आज मुख्यमंत्री हैं। मुझे बहुत खुशी है, वो छत्तीसगढ़ ही नहीं, देश के सबसे अच्छे मुख्यमंत्री बनेंगे।
क्यों बनवायी तस्वीर?
ये पूछे जाने पर कि, आखिर उन्होंने मुख्यमंत्री की ही टैटू क्यों बनवायी। रामलखन का जवाब बड़ा ही दिलचस्प था…उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के वक्त अमित शाह कुनकुरी आये थे। उन्होंने रैली में कहा था कि विष्णुदेव साय को बड़ा आदमी बनायेंगे, तभी से मैंने भी प्रण ले लिया था कि अगर विष्णुदेव साय को भाजपा ने मुख्यमंत्री बनाया, तो वो भी विष्णुदेव साय की तस्वीर अपने सीने में बनवायेंगे। विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री बने, लेकिन उस वक्त मेरे पास पैसे नहीं थे। फिर काम करते-करते पैसा जमा किया, तो 14000 रुपये में टैटू बनवाया हूं।
14000 रुपये बनवाया है टैटू
रामलखन कहते हैं कि वो मनरेगा की मजदूरी करते हैं। पिछले तीन उन्होंने जितना भी पैसा जमा किया था, उसमें से 14000 रुपये में उन्होंने ये टैटू बनवाया है। उन्होंने इस टैटू को बनवाने के लिए 150 किलोमीटर की दूरी की। वो बताते है कि मैंने ठान लिया था कि अपने सीने में मुख्यमंत्री की तस्वीर बनाऊंगा। पहले तो मैं जशपुर में बहुत कोशिश करता रहा, कि कोई उनका टैटू बनवा दे, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। जिसके बाद वो 150 किलोमीर दूर अंबिकापुर गये और फिर वहां 14000 रुपये में टैटू बनवाया। मैं बहुत खुश हूं…भले मुख्यमंत्री रायपुर रहते हैं, लेकिन मैं अपने टैटू को देखकर खुश होता हूं, कि वो मेरे पास हैं।
