चार दिन से गायब युवक की तीन दोस्तों ने कर दी हत्या, नदी की रेत में छिपा दिया शव…

Share

बालोद। चार दिन से गायब डेंगरापार के यशवंत कुमार नेताम (24) का शव खेरूद के तांदुला नदी में रेत में दबा मिला। पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला। तीन दोस्तों ने मिलकर लाठी, डंडे से मारपीट कर गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि यशवंत ने शराब के नशे में गाली-गलौज किया, जो दोस्तों को रास नहीं आया। उन्होंने घटना को अंजाम दे दिया।

एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुंडरदेही थाना अंतर्गत ग्राम सिकोसा शराब दुकान के पास तीन दोस्त ने मिलकर अपने ही दोस्त के साथ विवाद किया। विवाद इतना बढ़ा कि तीनों ने मिलकर खेरूद तांदुला नदी के पास लाठी, डंडे से मारपीट की और गला दबाकर मार डाला। घटना 6 अप्रैल की है। तीनों आरोपी मनीष ठाकुर 21 साल निवासी कोटगांव, साहिल कुमार 19 साल निवासी डेंगरापार, इमन कंवर 21 साल निवासी डेंगरापार शामिल है।

परिजनों ने लिखाई थी युवक की गुमशुदगी रिपोर्ट

पुलिस के मुताबिक यशवंत के पिता ने 8 अप्रैल को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद मामले की जांच की गई। जांच में दोस्तों पर संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के बाद मनीष ठाकुर ने अपराध स्वीकार कर मामले का खुलासा कर दिया। बड़ी बात यह है कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने तीनों दोस्त भी थाने गए थे।

मौके से शव को बरामद किया गया

एसपी एआर भगत ने एक टीम बनाई। एडिशनल एसपी अशोक जोशी, एसडीओपी गुंडरदेही राजेश बागडे़, थाना प्रभारी मनीष शेंडे व गुंडरदेही तहसीलदार के समक्ष आरोपियों के बताए स्थान पर खुदाई करवाई गई। पॉलीथिन में लिपटा शव बरामद किया गया। परिवार ने शव की पहचान यशवंत नेताम के रूप में की। धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया। शव को पोस्टमार्टम कराने सीएचसी गुंडरदेही भेजा गया। आरोपी मनीष ठाकुर, ईमान कंवर, साहिल कंवर से उपयोग किए पत्थर, खून लगा डंडे का टुकड़ा, मोटर साइकिल के कांच टूटा आईना आदि जब्त किया।

मृतक की जींस, मृतक का मोबाइल जब्त किया गया। तीनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। कार्रवाई में सहायक उप निरिक्षक खेमलाल ठाकुर, आत्माराम धनेलिया, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा और विकास साहू, आरक्षक सुमित पटेल, आर यशवंत देशमुख, आरक्षक सत्यप्रकाश यादव का योगदान रहा।

पैर दिखा तो शव का बदला स्थान

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने किसी को इस घटना की जानकारी न हो, इसलिए अपने दोस्त को तांदुला नदी की रेत में दबा दिया। 6 अप्रैल को रात में रेत में दबाया। 7 अप्रैल को तीनों ने दफनाए जगह पर जाकर देखा तो पैर दिख रहा था और बदबू उठ रही थी। 8 अप्रैल को तीनो ने झिल्ली खरीदी। रात में शव को झिल्ली में लपेटकर दूसरीे जगह रेत में ही दबा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *