सब्जी मंडी से घर जा रहे युवक की मौत, अज्ञात वाहन चालक ने रौदा…
राजनांदगांव। राजनांदगांव-खैरागढ़ मार्ग पर स्थित ओवरब्रिज में लगातार दुर्घटनाएं हो रही है। भारी वाहनों के दबाव की वजह से दुर्घटना में आए दिन लोगोें की जान जा रही है। गुरुवार को अज्ञात भारी वाहन के चालक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। चिखली चौकी पुलिस मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में जुटी है।
पुलिस के अनुसार पार्रीकला निवासी 43 वर्षीय महावीर पिता प्रभुराम यादव राजनांदगांव के बसंतपुर स्थित कृषि उपज मंडी में हमाली का काम करता था। गुरुवार को भी वह मंडी में हमाली का काम खत्म कर बाइक से चिखली की ओर जा रहा था। ओवरब्रिज में अज्ञात भारी वाहन ने महावीर यादव को कुचल कर मौके से फरार हो गया। घटना में गंभीर चोटें आने से महावीर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ओवर ब्रिज में आधे घंटे तक जाम लग गया। घटना की जानकारी चिखली चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची व शव को पीएम के लिए भेज कर ट्रैफिक जाम को हटाया गया। गौरतलब है कि इस ओवरब्रिज में एक माह में यह तीसरी घटना है। सप्ताह भर पहले फ्लाई ओवर में ट्रक ने बाइक सवार युवकों को ठोकर मारी थी। घटना में एक कॉलेज छात्र की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं उसका साथी घायल है।
ट्रैफिक कंट्रोल करने में पुलिस फेलवर, रोज हादसे हो रहे
स्टेशनपारा की ओर आवाजाही के लिए रेलवे द्वारा अंडरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण की वजह से रेलवे क्रॉसिंग बंद है। दो पहिया व छोटे चार पहिया वाहने भी फ्लाई ओवर से आवाजाही कर रहे हैं। इससे पहले दो पहिया व छोटे चार पहिया वाहन नीचे क्रॉसिंग से आवाजाही करते थे। निर्माण की वजह से ओवर ब्रिज में वाहनों का रेला लगा रहता है और आए दिन यहां जाम की स्थिति निर्मित होती है। बावजूद इसके यातायात पुलिस द्वारा व्यवस्था सुधारने जवानों की ड्यूटी नहीं लगाई जा रही है।
