International Yoga Day:-जब पूरा कांकेर हुआ योगमय: मंत्री लखनलाल देवांगन ने दिलाया स्वस्थ जीवन और नशामुक्त भारत का संकल्प

Share

International Yoga Day:-12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कांकेर जिला मुख्यालय के न्यू कम्युनिटी हॉल परिसर में विशाल सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और हजारों नागरिकों के साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

इस अवसर पर विधायक आशाराम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, पूर्व सांसद मोहन मंडावी, भारतीय खाद्य निगम सदस्य हलधर साहू, प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, एनसीसी-एनएसएस कैडेट और भूतपूर्व सैनिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

International Yoga Day:- “योग से तन-मन दोनों स्वस्थ रहते हैं”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का अमूल्य उपहार है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान और सकारात्मक बनाता है। उन्होंने सभी नागरिकों को योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी दिलाया।

International Yoga Day:- विधायक ने भी किया नियमित योग का आह्वान

विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की कला है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से मजबूत बनता है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

International Yoga Day:- कई योगासन और प्राणायाम का हुआ अभ्यास

योग प्रशिक्षकों मोहन सेनापति, उपेश्वर ठाकुर और कुश साहू के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, उष्ट्रासन, शवासन, पवनमुक्तासन सहित अनेक योगासन किए। वहीं कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और नाड़ी शोधन जैसे प्राणायामों का भी सामूहिक अभ्यास कराया गया।

जिले की सभी जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों, विद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *