Congress MP Shashi Tharoor:-लिफ्ट में फंसे शशि थरूर का ‘जेंटलमैन’ अंदाज, रेस्क्यू के बाद फायर टीम को दिया चाय का न्योता
Congress MP Shashi Tharoor:-कांग्रेस सांसद शशि थरूर शुक्रवार शाम केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के एक निजी होटल की लिफ्ट में कुछ देर के लिए फंस गए। घटना उस समय हुई जब वे रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट के इंस्टॉलेशन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। होटल प्रबंधन ने पहले लिफ्ट तकनीशियन को बुलाया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद फायर एंड रेस्क्यू सर्विस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने हाइड्रोलिक उपकरणों की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला और शाम करीब 7:51 बजे शशि थरूर सहित अंदर मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई।
Congress MP Shashi Tharoor:-रेस्क्यू के बाद मुस्कुराते हुए जताया आभार
लिफ्ट से बाहर निकलते ही शशि थरूर ने मुस्कुराते हुए फायर ब्रिगेड के अधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि टीम ने बेहद पेशेवर तरीके से काम किया और कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा, “आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। आपने शानदार काम किया है।” जब अधिकारियों ने उनका हालचाल पूछा तो थरूर ने बताया कि लिफ्ट में मौजूद सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
Congress MP Shashi Tharoor:-फायर ब्रिगेड टीम को दिया चाय का न्योता
रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शशि थरूर ने फायर ब्रिगेड कर्मियों को चाय पीने का निमंत्रण भी दिया। हालांकि, ड्यूटी का हवाला देते हुए अधिकारियों ने विनम्रतापूर्वक इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने सांसद से हाथ मिलाया और अगले कार्य के लिए रवाना हो गए।
Congress MP Shashi Tharoor:-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शशि थरूर को मुस्कुराते हुए फायर ब्रिगेड की टीम का आभार व्यक्त करते और उनके काम की सराहना करते देखा जा सकता है। उनके इस व्यवहार की सोशल मीडिया पर कई लोग प्रशंसा कर रहे हैं।
