पामगढ़ में मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान समारोह संपन्न
विद्या निकेतन उ.मा. विद्यालय एवं ड्रीमलैंड पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ “पं. दुर्गाप्रसाद मेमोरियल अवॉर्ड समारोह” एवं “केशव प्रसाद पाण्डेय कन्या शिक्षा योजना“
पामगढ़, 20 जून 2025/ अंचल के दो प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान विद्या निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं ड्रीमलैंड पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में “पंडित दुर्गाप्रसाद मेमोरियल अवॉर्ड समारोह” और “पंडित केशव प्रसाद पाण्डेय कन्या शिक्षा योजना” का भव्य आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
इस गरिमामयी समारोह में पामगढ़ विकासखंड के उन होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 80% या उससे अधिक अंक अर्जित किए। उन्हें स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के 25 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा को रजत जयंती के रूप में भी मनाया गया।
कार्यक्रम की एक विशेष पहल के तहत कक्षा 9वीं की पाँच निर्धन कन्याओं को ‘केशव प्रसाद पाण्डेय कन्या शिक्षा योजना’ के अंतर्गत गोद लिया गया, जिनकी शिक्षा कक्षा 12वीं तक पूर्णतः निःशुल्क कर दी जाएगी। यह योजना 2014 से संचालित है, जिसमें अब तक हर वर्ष 10 छात्राओं को लाभ मिलता रहा है। सीट संख्या सीमित होने के कारण इस वर्ष से चयनित संख्या पाँच निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं श्रीमती शेष राज हरबंस, एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री आलोक शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह की अध्यक्षता श्री मनोज पाण्डेय, प्रदेश सचिव, छत्तीसगढ़ अशासकीय विद्यालय संचालक संघ ने की। उन्होंने अपने संबोधन में गुरु पूर्णिमा पर प्रदेशभर में 11 लाख 11 हजार पीपल के पौधे लगाने की प्रेरणादायक योजना साझा की और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विधायक महोदया द्वारा कन्या शिक्षा योजना की सराहना की गई और नरेन्द्र पाण्डेय जी द्वारा दिए गए इस प्रयास को समाज के लिए अनुकरणीय बताया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रीति अजय दिव्य, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गौरी उर्फ छोटू जांगड़े एवं अनेक पार्षदगण भी उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री नरेन्द्र पाण्डेय ने समारोह को संबोधित करते हुए बताया कि संस्था की यह रजत जयंती वर्ष में प्रवेश का संकेत है और संस्था की परंपरा अनुसार इस वर्ष 12वीं के छात्र समीर पटेल (93%) एवं योगेंद्र यादव (92%) को लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया, जबकि 10वीं की छात्रा श्रेया पीटर (93.3%) को साइकिल प्रदान की गई।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यालय की मईनका माई शिक्षण समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समिति के अध्यक्ष श्रीमती सुधा पाण्डेय, कोषाध्यक्ष रश्मि पाण्डेय सहित गौरव पाण्डेय, पल्लवी पाण्डेय, आनंद तिवारी, एवं अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम की सफलता में सक्रिय योगदान दिया।
समारोह में शिक्षकों, अभिभावकों एवं समाज के प्रबुद्ध नागरिकों की उपस्थिति ने इसे और भी प्रभावशाली बना दिया। वक्ताओं ने इस तरह के आयोजनों को विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणा देने वाला बताया।
यह समारोह न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा, बल्कि शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व के समन्वय का अनुपम उदाहरण भी बना।

