CG Updates:-छत्तीसगढ़ में अवैध खनन पर कसेगा शिकंजा: अब ड्रोन से निगरानी, 10 रूट्स पर ई-चेक गेट सिस्टम लागू

Share

CG Updates:-छत्तीसगढ़ में अब खदानों की निगरानी हाईटेक तरीके से की जाएगी। सरकार ने अवैध खनन और ओवर माइनिंग को रोकने के लिए ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल शुरू करने का फैसला लिया है। इसके तहत खदानों के ऊपर ड्रोन कैमरे उड़ाए जाएंगे, जो लगातार एरियल सर्वे और 3D मैपिंग के जरिए गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

ड्रोन से यह साफ पता चल सकेगा कि खनन तय लीज क्षेत्र के अंदर हो रहा है या बाहर भी खुदाई की जा रही है। समय-समय पर मिले डेटा की तुलना कर ओवर माइनिंग को आसानी से पकड़ा जा सकेगा। शुरुआत में 5 ड्रोन कैमरे लगाए जाएंगे, जिनके संचालन के लिए विशेषज्ञ टीम तैनात रहेगी।

यह ड्रोन खासकर रायपुर, धमतरी, बलौदाबाजार और बिलासपुर जैसे जिलों में लगाए जाएंगे, जहां अवैध खनन की शिकायतें ज्यादा मिलती हैं। इससे जंगल और पहाड़ी जैसे दुर्गम इलाकों में भी आसानी से निगरानी हो सकेगी और विभाग को तुरंत कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

CG Updates:-खनिज परिवहन को भी पूरी तरह डिजिटल किया जा रहा है। इसके लिए 10 प्रमुख रूट्स पर ई-चेक गेट सिस्टम लागू होगा। इस सिस्टम के जरिए हर ट्रक की एंट्री-एग्जिट ऑनलाइन दर्ज होगी, जिसमें वाहन नंबर, खनिज का प्रकार, मात्रा और गंतव्य जैसी जानकारी शामिल होगी।

इससे ओवरलोडिंग, टैक्स चोरी और बिना रॉयल्टी खनिज ले जाने जैसी गड़बड़ियों पर रोक लगेगी। अधिकारी रियल टाइम में ट्रकों की ट्रैकिंग भी कर सकेंगे, जिससे अवैध परिवहन पर सख्त नियंत्रण होगा।

खनिज विभाग के सचिव पी. दयानंद ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर यह कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि प्रदेश में अवैध खनन को पूरी तरह रोका जा सके।

सरकार ने नियमों में बदलाव करते हुए अवैध उत्खनन पर कम से कम 25 हजार रुपये जुर्माना भी तय किया है। साथ ही, ऑनलाइन ट्रांजिट पास अनिवार्य करने से पिछले 5 साल में 84.47 करोड़ रुपये की वसूली भी हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *