Bank Fire:-जिला सहकारी बैंक में भीषण आग: बंदरों की उछल-कूद से शॉर्ट सर्किट, कंप्यूटर व दस्तावेज जलकर खाक
Bank Fire:-बालोद जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई, जब जिला सहकारी बैंक की शाखा में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में बैंक के कंप्यूटर सिस्टम, कैश काउंटर और कई जरूरी दस्तावेज जलकर पूरी तरह खाक हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते कैश को सुरक्षित बचा लिया गया।
यह घटना गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम ओटेबंद स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग की शाखा में हुई। मिली जानकारी के अनुसार, बैंक की छत पर बंदरों का झुंड उछल-कूद कर रहा था। इसी दौरान बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी और देखते ही देखते बैंक के अंदर फैल गई।
Bank Fire:-आग लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गुंडरदेही पुलिस के अनुसार, आग लगने के असली कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है। फिलहाल बैंक को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
