Breaking News:-छत्तीसगढ़ को मिला नया पूर्णकालिक डीजीपी: किसान परिवार से निकलकर अरुण देव गौतम ने तय किया सफलता का सफर
Breaking News:-छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को राज्य का नया पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद अब वे नियमित रूप से प्रदेश पुलिस की कमान संभालेंगे। इससे पहले वे प्रभारी डीजीपी के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की अनुशंसा के बाद राज्य शासन ने उनकी नियुक्ति पर अंतिम मुहर लगाई।
अरुण देव गौतम को छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुभवी और सख्त प्रशासनिक अधिकारियों में गिना जाता है। करीब तीन दशक लंबे पुलिस सेवा अनुभव में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे कानून व्यवस्था, नक्सल मामलों और प्रशासनिक प्रबंधन में मजबूत पकड़ रखने वाले अधिकारी माने जाते हैं।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के एक छोटे से गांव अभयपुर में किसान परिवार में जन्मे अरुण देव गौतम की कहानी संघर्ष और मेहनत की मिसाल है। गांव के सरकारी स्कूल से शुरुआती पढ़ाई करने के बाद उन्होंने प्रयागराज में आगे की शिक्षा हासिल की। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में एमए करने के बाद उन्होंने Jawaharlal Nehru University से अंतरराष्ट्रीय कानून में एमफिल किया।

Breaking News:-यूपीएससी परीक्षा में पहली बार असफलता मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और दूसरी कोशिश में सफलता हासिल कर 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी बने। शुरुआत में उन्हें मध्यप्रदेश कैडर मिला था। प्रशिक्षण के बाद उन्होंने जबलपुर, बिलासपुर, कवर्धा, भोपाल समेत कई जगहों पर अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
अरुण देव गौतम सात जिलों में एसपी रह चुके हैं और कई महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों का नेतृत्व भी कर चुके हैं। उनकी कार्यशैली को अनुशासन, सादगी और प्रशासनिक दक्षता के लिए जाना जाता है। अब उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ पुलिस से कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।
