CG News:-चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन को मंजूरी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पीएम मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का जताया आभार
CG News:-रायपुर। छत्तीसगढ़ को रेल विकास के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। भारतीय रेल ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। करीब 755 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, कोयला परिवहन और यात्री सुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक रेल लाइन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के विकास और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने वाला बड़ा कदम है।
CG News:-मुख्यमंत्री ने बताया कि कोरबा को देश की ऊर्जा राजधानी कहा जाता है। यहां से बड़ी मात्रा में कोयला देश के विभिन्न राज्यों में भेजा जाता है। वर्तमान रेल लाइन पर बढ़ते दबाव को देखते हुए तीसरी रेल लाइन का निर्माण भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर लिया गया दूरदर्शी फैसला है।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद कोयला परिवहन की क्षमता बढ़ेगी, मालगाड़ियों की आवाजाही सुगम होगी और बिजली उत्पादन के लिए कोयले की आपूर्ति और मजबूत होगी। साथ ही यात्री ट्रेनों के संचालन में भी सुधार आएगा तथा नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता खुलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से उद्योगों को लाभ मिलेगा, निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे कोरबा, जांजगीर-चांपा और आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। वर्तमान में प्रदेश में रेलवे से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से काम चल रहा है। वहीं वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश को रेलवे परियोजनाओं हेतु 7,470 करोड़ रुपये का बजट मिला है, जो वर्ष 2014 की तुलना में कई गुना अधिक है।
CG News:-मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना को विशेष रेल परियोजना का दर्जा मिलने से उत्तर छत्तीसगढ़ और जशपुर क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
