CG News:-अब कोई गांव नहीं रहेगा दूर! छत्तीसगढ़ में हर बसाहट तक पहुंचेगी पक्की सड़क, मुख्य सचिव का बड़ा आदेश

Share

CG News:-छत्तीसगढ़ में ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की राज्य स्तरीय स्थायी समिति की 28वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण सड़कों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी सड़क निर्माण से पहले उसका विस्तृत सर्वे कराया जाए और भूमि अधिग्रहण व वन विभाग की अनुमति जैसी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पहले पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरी की जाए।

CG News:-सभी बसाहटों तक पहुंचेगी सड़क

पीएमजीएसवाई फेस-4 के तहत राज्य की उन सभी बसाहटों को चिन्हित किया जाएगा जहां अब तक पक्की सड़क नहीं पहुंची है। इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर सभी गांवों और बसाहटों को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

CG News:-बस्तर में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी सड़क निर्माण

अधिकारियों ने बताया कि पीएमजीएसवाई के पहले तीन चरणों में अब तक 8,358 सड़कों और लगभग 447 पुल-पुलियों का निर्माण किया जा चुका है। वर्ष 2025-26 में बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के सहयोग से 52 अधूरी सड़कों का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। वहीं फेस-3 के तहत 31 बड़े पुल भी तैयार किए गए हैं।

CG News:-पीएम जनमन योजना में लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन

पीएम जनमन योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित 1,372 किलोमीटर सड़क निर्माण लक्ष्य के मुकाबले राज्य में 1,517 किलोमीटर सड़कें बनाई जा चुकी हैं। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) की 872 बसाहटों के लिए स्वीकृत 807 सड़कों में से 366 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 429 सड़कों पर तेजी से काम जारी है।

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, गृह विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, आवास एवं पर्यावरण, वित्त, परिवहन, वन विभाग तथा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *