Child Protection:-बाल विवाह की सूचना मिलते ही अलर्ट हुआ प्रशासन, समय रहते रुकवाई 2 शादियां
Child Protection:-अक्षय तृतीया के मौके पर जहां एक ओर शादियों की धूम रहती है, वहीं इस दौरान बाल विवाह के मामले भी सामने आते हैं। ऐसे में जिले में प्रशासन और बाल संरक्षण विभाग की सतर्कता के चलते दो जगहों पर नाबालिगों की शादी को समय रहते रोक दिया गया।
पहला मामला पेंड्रा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सोन बचरवार का है। यहां एक नाबालिग लड़के की शादी की तैयारी चल रही थी। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि लड़के की उम्र 18 साल से कम है, जो कानूनी उम्र 21 साल से कम होने के कारण शादी के लिए मान्य नहीं है। इसके बाद टीम ने तुरंत शादी रुकवा दी।
दूसरा मामला ग्राम पंचायत गुम्मा टोला का है, जहां एक और नाबालिग की शादी होने वाली थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और दस्तावेजों की जांच की। यहां भी लड़के की उम्र निर्धारित कानूनी उम्र से कम पाई गई, जिसके बाद इस शादी को भी रोक दिया गया।
Child Protection:-दोनों मामलों में अधिकारियों ने परिवार के लोगों को समझाइश दी और बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी दी। साथ ही भविष्य में ऐसी गलती न करने के लिए लिखित आश्वासन भी लिया गया।
इस कार्रवाई में प्रशासन, बाल संरक्षण विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन, पुलिस और अन्य टीमों की अहम भूमिका रही। प्रशासन की इस सतर्कता से समाज में बाल विवाह जैसी कुरीति के खिलाफ मजबूत संदेश गया है।
