CSMCL:-CSMCL ओवरटाइम घोटाला: ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई, मैनपावर एजेंसी के 2 कर्मचारी गिरफ्तार

Share

CSMCL:-छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) में ओवरटाइम भुगतान से जुड़े कथित घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो और आर्थिक अपराध अन्वेषण (ACB-EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में मैनपावर एजेंसी ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के फील्ड ऑफिसर अभिषेक कुमार सिंह और अकाउंटेंट तिजऊ राम निर्मलकर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को 19 अप्रैल 2026 को हिरासत में लिया गया।

जांच एजेंसी ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 29 नवंबर 2023 को रायपुर में तीन लोगों के पास से 28.80 लाख रुपये नकद जब्त किए। इसके बाद यह जानकारी राज्य सरकार को दी गई और ACB-EOW ने जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि साल 2019-20 से 2023-24 के बीच ओवरटाइम के नाम पर करीब 115 करोड़ रुपये मैनपावर एजेंसियों को दिए गए। यह पैसा शराब दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों को मिलना था, लेकिन उन्हें यह राशि नहीं मिली।

आरोप है कि यह पैसा एजेंसियों के जरिए कमीशन के रूप में निकाला गया और CSMCL के कुछ अधिकारियों व निजी लोगों में बांट दिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि यह रकम कथित रूप से अनवर ढेबर तक पहुंचती थी।

CSMCL:-ACB-EOW के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी कंपनी के खाते से निकाले गए 28.80 लाख रुपये को अधिकारियों तक पहुंचाने का काम कर रहे थे।

दोनों आरोपियों को 20 अप्रैल 2026 को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 27 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ में इस मामले से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *