Jashpur News:-जशपुर में विकास कार्यों पर सचिव का सख्त एक्शन! धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी, मेडिकल कॉलेज रोड को फोरलेन बनाने की तैयारी

Share

Jashpur News:-छत्तीसगढ़ में सड़क और अधोसंरचना विकास कार्यों को लेकर सरकार अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने शुक्रवार को जशपुर जिले में निर्माणाधीन सड़कों और अन्य परियोजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों में देरी अब स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने रौनीघाट-बगीचा मार्ग, बगीचा-चराईडांड मार्ग और मेडिकल कॉलेज के प्रस्तावित पहुंच मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने वाली सड़क को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए फोरलेन बनाने का प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश दिए।

Jashpur News:-इसके बाद सचिव ने जशपुर-पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण किया। यहां निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने और तय समय-सीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जशपुर और पत्थलगांव क्षेत्र में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सड़कों, पुलों और भवनों की विस्तृत समीक्षा की गई। सचिव ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंचे, इसके लिए जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करना जरूरी है। निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक में कलेक्टर रोहित व्यास, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता बी.एस. बघेल, ज्ञानेश्वर कश्यप, जी.एस. मंडावी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Jashpur News:-मुख्य बिंदु

• मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग को फोरलेन बनाने की तैयारी
• जशपुर-पत्थलगांव हाईवे के धीमे निर्माण पर सचिव नाराज
• गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर
• अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
• सड़क, पुल और भवन परियोजनाओं की समीक्षा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *