एक लाख की घूस लेते पटवारी व सहायक गिरफ्तार, 5 लाख की रखी थी मांग…
बिलासपुर। जमीन सीमांकन के नाम पर 5 लाख रुपए मांगने वाले पटवारी और सहायक को एसीबी ने एक लाख रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। यह रिश्वत किसान से 26 एकड़ जमीन के सीमांकन के लिए मांगी गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार वैभव सोनी ने अपनी लगभग 12 खसरों की कुल लगभग 26 एकड़ जमीन का सीमांकन के लिए पटवारी से संपर्क किया।
सीमांकन के एवज में आरआई नरेश साहू और पटवारी सुशील जायसवाल ने पांच लाख की घूस मांगी। वैभव ने एसीबी बिलासपुर में 19 नवंबर 2024 को इसकी शिकायत की थी। शिकायत के सत्यापन कराए जाने पर शिकायत सही पाई गई। सत्यापन के दौरान पटवारी ने चार लाख रुपए लेने पर सहमति दी गई थी।
इस पर पटवारी के पास वैभव को एक लाख रुपए दिए जाने के लिए 30 जनवरी को भेजने पर पटवारी जायसवाल ने इस रकम को अपने सहायक गुलाब दास को देने कहा। वैभव यह रुपए सहायक गुलाब को को देने पहुंचा। तभी एसीबी बिलासपुर की टीम द्वारा आरोपी सहायक व पटवारी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। आरोपी पटवारी और सहायक के विरुद्ध धारा 7,12 पीसी एक्ट 1988 के तहत कार्यवाही की जा रही है । प्रकरण में आरआई नरेश साहू की भूमिका की जांच की जा रही है।
