Railway News Chhattisgarh:-अमृत भारत स्टेशन योजना: चांपा, बालोद और सरोना स्टेशन का बदला स्वरूप, CM साय ने जताया आभार

Share

Railway News Chhattisgarh:-रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशन भी आधुनिक सुविधाओं के साथ जनता को समर्पित किए गए। इन स्टेशनों के उन्नयन से प्रदेश की रेल अधोसंरचना को नई मजबूती मिलने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन तीन रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण प्रदेश के रेल अधोसंरचना विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित ये रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाएंगे। इसके साथ ही व्यापार, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। प्रदेश में रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस जनहितकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।

Railway News Chhattisgarh:-अमृत भारत स्टेशन योजना क्या है?

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों का चरणबद्ध तरीके से पुनर्विकास किया जा रहा है। इस योजना में स्टेशनों पर आधुनिक वेटिंग एरिया, बेहतर प्लेटफॉर्म, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, डिजिटल सूचना प्रणाली, स्वच्छता, पार्किंग, हरित क्षेत्र और आकर्षक भवनों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *