नगर निगम में ठेका उठाना इस कांग्रेस प्रत्याशी को पड़ा भारी, मेयर पद पर नामांकन हुआ रद्द…

Share

धमतरी। नगर निगम में ठेका उठाना मेयर प्रत्याशी विजय गोलछा के साथ पूरी कांग्रेस को भारी पड़ गया। भाजपा ने गोलछा के नामांकन पर धारा-17 (2) कंडिका-ड के तहत आपत्ति लगाई थी। इसके तहत नगर निगम से किसी का प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष हित जुड़ा है तो वह महापौर प्रत्याशी नहीं हो सकता। गोलछा पेशे से ठेकेदार हैं। निगम में उन्होंने कुछ काम भी किए थे। गुरुवार दोपहर 12 से 2 बजे तक रिटर्निंग ऑफिसर इंदिरा सिंह के कक्ष में आपत्ति पर सुनवाई हुई।

कांग्रेस और भाजपा की ओर से उपस्थित हुए वकीलों ने रिटर्निंग ऑफिसर के सामने अपना पक्ष रखा। आखिर में भाजपा की आपत्ति को रिटर्निंग आफिसर ने सही ठहराते हुए कांग्रेस महापौर प्रत्याशी गोलछा का नामांकन रद्द कर दिया। वोटिंग से पहले कांग्रेस को यह बड़ा झटका है। कांग्रेस कार्यकर्ता भी इसके लिए संगठन को दोषी ठहरा रहे हैं। अधिकृत प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने से कांग्रेस के सामने अब सिर्फ एक ही विकल्प है। पार्टी अब कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के पूर्व प्रदेश महामंत्री तिलक सोनकर को प्रत्याशी बनाने का विचार कर रही है। उन्होंने भी महापौर के लिए नामांकन दाखिल किया था।

सत्ता का दुरुपयोग कर नामांकन रद्द किया: बैज

रायपुर. धमतरी में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि कांग्रेस के प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए सरकार षड़यंत्र कर रही है। उनका दावा है कि सरकार के निर्देश पर धमतरी में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द किया गया है।

दु्र्ग : कांग्रेस की महिला पार्षद प्रत्याशी हटी,भाजपा की जीत तय

दुर्ग .नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को झटका लगा है। वार्ड क्रमांक 21 से कांग्रेस की पार्षद प्रत्याशी मीरासिंह ने गुरुवार को अचानक अपना नाम वापस ले लिया। उनके चुनाव मैदान से हटने से भाजपा प्रत्याशी विद्यावती सिंह निर्विरोध निर्वाचित हो जाएंगी। इस वार्ड से किसी अन्य ने नामांकन जमा नहीं किया है। कांग्रेस प्रत्याशी के इस कदम से कांग्रेस नेता सकते में आ गए हैं।

बिलासपुर: कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी का नामांकन निरस्त, भाजपा का रास्ता साफ

बिलासपुर . जाति प्रमाणपत्र जमा न करने से नगर निगम के वार्ड 13 दीनदयाल नगर मंगला के कांग्रेस प्रत्याशी श्याम पटेल का नामांकन निरस्त हो गया है। इसके अलावा आप प्रत्याशी का नामांकन भी गलत होने पर भाजपा प्रत्याशी रमेश पटेल की जीत का रास्ता साफ हो गया है। वहीं कांग्रेस ने श्याम पटेल को 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

कोरबा और कटघोरा में भाजपा प्रत्याशी की जीत तय

कोरबा. नगर निगम कोरबा के वार्ड 18 से भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र देवांगन का निर्विरोध पार्षद चुना जाना तय है। नरेंद्र के समर्थन में कांग्रेस प्रत्याशी हरीश कुमार उर्फ विक्की ने अपना नामांकन फॉर्म वापस ले लिया है। अब इस वार्ड में नरेंद्र का ही नामांकन है। नरेंद्र प्रदेश के श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के छोटे भाई हैं। इधर नगर पालिका परिषद कटघोरा में वार्ड क्रमांक 13 में कांग्रेस प्रत्याशी सीता पटेल के नामांकन दाखिल न करने से भाजपा प्रत्याशी शिवमति पटेल को निर्विरोध निर्वाचित होना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *